एक्स-रे कक्ष के सामने तैयार किया गया है मशीन का फाउंडेशनजौनपुर। सिर दर्द की समस्या हो या फिर किसी तरह से लगी चोट। इसके इलाज के लिए सीटी स्कैन कराना पड़ता है। अभी तक जिले में ट्रामा सेंटर जफराबाद को छोड़कर सरकारी तौर पर कहीं भी इसकी सुविधा नहीं थी। ऐसे में लोगों को प्राइवेट सेंटरों में जांच कराना पड़ता है। लेकिन अब जिला अस्पताल में ही सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी। सोमवार को राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव उदघाटन करेंगे।मालूम हो कि शहर में लगभग आधा दर्जन प्राइवेट अस्पतालों में सीटी स्कैन की व्यवस्था है। जहां पर प्रतिदिन दर्जन से अधिक सीटी स्कैन होता है। जिसके लिए प्रति मरीज को दो से ढाई हजार रुपये खर्च करना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कत तो उन मरीजों को होती है जिनके पास इतना पैसा नहीं होता। ऐसे में अब जब जिला अस्पताल में सीटी स्कैन का इंतजाम हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो अभी तक सीटी स्कैन कराने के लिए शहर से आठ किमी दूर हौज ट्रामा सेंटर जाना पड़ता था। फिर दूसरे दिन रिपोर्ट मिलती थी। इसके बाद डॉक्टर रिपोर्ट देखकर इलाज करते थे। इस संबंध में जिला अस्पताल के सीएमएस डाक्टर केके राय ने बताया कि सीटी स्कैन के लिए टेक्निशियन और रेडियोलाजिस्ट ट्रेनिंग ले चुके हैं। सोमवार को शुभारम्भ होगा। इससे जनता को काफी सुविधा होगी।