एम्स गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का शुभारंभ

Photo of author

By varunapravaha.in

गोरखपुर, 16 जून 2025: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एम्स गोरखपुर में 15 जून से 21 जून 2025 तक चलने वाले योग सप्ताह की शुरुआत हुई। इस वर्ष की थीम ‘वन अर्थ, वन हेल्थ हेतु योग’ रही। यह आयोजन कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता की पहल पर किया गया है जिनका उद्देश्य योग के माध्यम से संस्थान में स्वास्थ्य, संतुलन एवं मानसिक शांति को बढ़ावा देना है।

16 जून को आयुष विभाग में आयोजित उद्घाटन सत्र में शिक्षकों एवं रेजिडेंट डॉक्टरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉमन योगा प्रोटोकॉल (CYP) के अभ्यास एवं ध्यान सत्र से हुई, जिसका सभी प्रतिभागियों ने आनंद उठाया।

योग सप्ताह के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न वर्गों—एमबीबीएस छात्रों, नर्सिंग छात्रों, नर्सिंग अधिकारियों, प्रशासनिक कर्मचारियों तथा हाउसकीपिंग एवं सुरक्षा कर्मचारियों—के लिए योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का समापन 21 जून 2025 को एक सामूहिक योग प्रदर्शन और रोगियों एवं आमजन हेतु जागरूकता सत्र के साथ होगा।

पूरे सप्ताह चलने वाले इस कार्यक्रम का संयोजन डॉ. एच.एल. भल्ला, डॉ. आराधना सिंह, डॉ. शशिकांत भार्गव एवं श्री अरुण कुमार पाठक द्वारा किया जा रहा है।

यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य कर्मियों के बीच शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि एम्स गोरखपुर की समग्र स्वास्थ्य सेवा की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

Leave a Comment